1991 पेटी ‘पावरकूल’ बीयर जब्त, अवैध परिवहन के पीछे संगठित नेटवर्क और अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका 

✍️पंकज सिंह भदौरिया 

सीहोर। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में जावर थाना पुलिस ने भोपाल-इंदौर हाईवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 62 लाख रुपए कीमत की बीयर से भरा एक लावारिस ट्रक जब्त किया है। पुलिस को यह ट्रक सरहदी के पास निर्माणाधीन चद्दर शेड के सामने संदिग्ध हालत में खड़ा मिला।

 47,784 बीयर केन जप्त 

पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर रविवार को मौके पर पहुंची टीम ने ट्रक की तलाशी ली, जिसमें ‘पावरकूल’ ब्रांड की 1,991 पेटी बीयर बरामद हुई। इन पेटियों में कुल 47,784 बीयर केन थीं, जिनकी मात्रा 23,892 लीटर बताई गई है। जब्त बीयर और ट्रक की कुल कीमत 62 लाख 11 हजार 920 रुपए आंकी गई है।

 मुख्यमंत्री के नशा मुक्ति अभियान धज्जियां 

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के नशा मुक्ति अभियान के तहत एसपी सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और आष्टा एसडीओपी दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हेमंत पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 ट्रक छोड़ने के पीछे कौन लोग शामिल हैं? 

हालांकि मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतनी बड़ी मात्रा में बीयर किस मार्ग से और किसके संरक्षण में परिवहन की जा रही थी? हाईवे पर लावारिस हालत में ट्रक छोड़ने के पीछे कौन लोग शामिल हैं? सूत्रों की मानें तो बिना संरक्षण के इतनी बड़ी खेप का परिवहन संभव नहीं माना जा रहा। यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो आबकारी विभाग के कुछ अधिकारियों की भूमिका भी सामने आ सकती है। साथ ही आशंका जताई जा रही है कि इस पूरी खेप के पीछे किसी डिस्टलरी या शराब कारोबारी नेटवर्क का हाथ हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।